वायु सेना के विमान से वाराणसी पहुंचा री-नीट का पेपर21 जून को शाम की पाली में होगी परीक्षा
वाराणसी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (री-नीट) को पूरी तरह नकलविहीन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस बार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भारतीय वायु सेना को सौंपी गई है। इसी क्रम में रविवार को री-नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र वायु सेना के विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचाए गए।
वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली री-नीट परीक्षा में लगभग 21,388 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए जिले में कुल 42 केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्रों को एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुरक्षित स्ट्रांग रूम तक पहुंचाया गया, जहां उन्हें वायु सेना एवं प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। री-नीट परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं।

