एनडीआरएफ की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, गंगा में डूब रहे बिहार के युवक को सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा में स्नान के दौरान डूब रहे युवक की जान 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता के चलते बच गई। शनिवार सुबह वाराही घाट पर तैनात एनडीआरएफ की टीम ने कुछ ही मिनटों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

123

एनडीआरएफ की टीम वाराही घाट पर नियमित पिकेट ड्यूटी कर रही थी। सुबह लगभग 8:40 बजे टीम के जवानों ने देखा कि गंगा में स्नान कर रहा एक युवक अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। युवक को पानी में संघर्ष करते देख जवानों ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया।

प्रशिक्षित बचावकर्मी लाइफ बॉय लेकर तुरंत गंगा में उतरे और तेजी से युवक तक पहुंच गए। कुछ ही देर में उसे सुरक्षित पकड़कर नदी किनारे ले आया गया। बाहर निकालने के बाद उसे प्राथमिक सहायता प्रदान की गई। जांच के बाद युवक की स्थिति सामान्य पाई गई और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बचाए गए युवक की पहचान पुनीत शर्मा (28 वर्ष) पुत्र विवेक शर्मा, निवासी गोपालगंज, बिहार के रूप में हुई है। समय रहते एनडीआरएफ की तत्परता से उसकी जान बच सकी। घटना के समय वाराही घाट सहित आसपास के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। रेस्क्यू अभियान को प्रत्यक्ष रूप से देखने वाले लोगों ने एनडीआरएफ जवानों की साहसिक कार्रवाई और कार्यकुशलता की जमकर सराहना की।

Share this story