इंटर डिस्ट्रिक्ट कराटे चैंपियनशिप में नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल का दबदबा, 16 पदक जीतकर हासिल किया तीसरा स्थान
वाराणसी। शहर में आयोजित 3rd इंटर डिस्ट्रिक्ट ओपन कराटे चैंपियनशिप में नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों से आए लगभग 250 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों ने अपने कौशल, अनुशासन और खेल भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विद्यालय और जेकेएस स्पोर्ट्स फिटनेस एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के खिलाड़ियों ने कुल 16 पदक जीतकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण और 6 रजत पदक अपने नाम किए। स्वर्ण पदक जीतने वालों में अभिषा राय, प्रीषा पाण्डेय, शान्वी, त्रिशा राय, आस्था पाण्डेय, अनुज यादव, आयुष यादव, मयंक कुमार, दृष्टि कुमारी और आरोही सर्व शामिल रहे। वहीं आयांशी सिंह, अनन्या पटेल, आराध्या वर्मा, आदित्य कुमार, आराध्या राय और अंशिकर ने रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सभी खिलाड़ियों ने कुमिते स्पर्धा में दमदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासन की दर्शकों तथा निर्णायकों ने जमकर सराहना की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कठिन मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में शानदार सफलता के बाद विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय, उपाध्यक्ष प्रवीण राय, समन्वयक सत्य प्रिया और असीम घोषाल ने विजेता खिलाड़ियों तथा कराटे प्रशिक्षक जयपाल कुमार सोनकर को सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि खेलकूद गतिविधियां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रबंधन ने भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता में मिली इस सफलता से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।

