कराटे चैंपियनशिप में नवनीता कुंअर पब्लिक स्कूल और जेकेएस स्पोर्ट्स फिटनेस एकेडमी का दबदबा, 12 पदकों पर किया कब्जा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीत कुंअर पब्लिक स्कूल एवं जेकेएस स्पोर्ट्स फिटनेस एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट के विद्यार्थियों ने '6th इंटर स्कूल कराटे चैंपियनशिप-2026' में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 26 जुलाई 2026 को बीना पब्लिक स्कूल, वाराणसी में जन सुरक्षा एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट के तत्वावधान में किया गया।

प्रतियोगिता में वाराणसी और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 250 से 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच नवनीत कुंअर पब्लिक स्कूल एवं जेकेएस स्पोर्ट्स फिटनेस एकेडमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए।

123

स्वर्ण पदक विजेता
प्रत्युष कुमार नंदन (कक्षा 2-ए), नायरा पटेल (कक्षा 4-ए), अयांसी सिंह (कक्षा 4-ए), आयुष यादव (कक्षा 3-ए), निखिल कुमार।


रजत पदक विजेता
तृषा राय (कक्षा 5-ए), आदित्य कुमार (कक्षा 6-ए), वरुण राजपुरोहित (कक्षा 5-ए)। 


कांस्य पदक विजेता
शान्वी नंदन (यूकेजी-ए), अभीज्ञया राय (कक्षा 2-बी), आराध्या वर्मा (कक्षा 4-ए), अनन्या पटेल (कक्षा 4-ए)। 


प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद विद्यालय परिसर में विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश राय, प्रधानाचार्य डॉ. दिवाकर राय, उपाध्यक्ष श्री प्रवीण राय, सीनियर समन्वयक मिस सत्य प्रिया तथा जूनियर समन्वयक अशिम घोषाल ने खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि मार्शल आर्ट केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक-मानसिक विकास का प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देता रहेगा ताकि छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर टीएसकेएफआई के अध्यक्ष रेंसिन अमित गुप्ता ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय के कराटे प्रशिक्षक श्री जयपाल कुमार सोनकर ने खिलाड़ियों की लगन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन के बल पर छात्र आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

123

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी इसी तरह सफलता का परचम लहराकर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Share this story