सिगरा स्टेडियम में 9 से राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट, छह प्रांतों की टीमें करेंगी प्रतिभाग, होगा रोमांचक मुकाबला 

123
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में 9 से 11 अक्टूबर तक राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांगजन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में छह राज्यों और क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प माह के तहत किया जा रहा है। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन और भारतीय जनता पार्टी दिव्यांग प्रकोष्ठ के संयुक्त सौजन्य से होने वाली प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और विदर्भ की टीमें भाग लेंगी। सभी टीमें 8 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेंगी।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने बताया कि तीन दिनों तक होने वाली प्रतियोगिता में टी-20 प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे। इसके लिए खिलाड़ियों और टीमों के ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।

आयोजन समिति के मुताबिक प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव, गौतम जायसवाल, रोशन द्विवेदी, सुबोध राय, प्रदीप राजभर, मदनमोहन वर्मा और प्रांजल अग्रहरि समेत आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। संयोजन बीर भद्र सिंह ने किया।

Share this story