नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति पद पर नरसिंह दास लगातार चौथी बार निर्विरोध निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति पद पर वार्ड संख्या-96 (दशाश्वमेध) के पार्षद नरसिंह दास लगातार चौथी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से उनके निर्वाचन की घोषणा की गई। इससे पहले भी वे वर्ष 2018, 2020 और 2024 में उपसभापति का दायित्व संभाल चुके हैं।

बैठक के दौरान उपसभापति के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने पर महापौर ने कार्यकारिणी सदस्यों से प्रत्याशी के नाम का प्रस्ताव आमंत्रित किया। इस दौरान वार्ड संख्या-28 (सरायनंदन) के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव का कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर समर्थन किया। किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर महापौर ने नरसिंह दास को निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित कर दिया।

123

नगर निगम के वरिष्ठ और अनुभवी पार्षदों में शामिल नरसिंह दास ने निर्वाचन के बाद सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी और कार्यकारिणी ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताया है, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी पार्षदों को साथ लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदारी से कार्य करना होगी, ताकि शहर की जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

123

उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। शहर के विकास कार्यों को गति देने, जनसुविधाओं में सुधार और सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वे कार्यकारिणी और नगर निगम प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story