नरेन्द्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का बनाया रिकॉर्ड, वाराणसी में सेवा और स्वच्छता अभियान, मरीजों को बांटे फल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए देश की सेवा करने और देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने के अवसर पर बुधवार को वाराणसी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सेवा एवं स्वच्छता अभियान चलाकर प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान व्यक्त किया। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं अस्पतालों में मरीजों में फल बांटा। 

123

कार्यक्रम के तहत अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर परिसर में भाजपा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। इसके बाद राजकीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय, पांडेयपुर में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान अस्पताल में उपचाररत लोगों को फल वितरित कर सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री की उपलब्धि का उत्सव मनाया गया।

123

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

123

इसी क्रम में स्वच्छता अभियान के तहत शास्त्री घाट, वरुणा पुल क्षेत्र में विशेष सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लगाकर घाट और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान को देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए सेवा, स्वच्छता और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं सफल नेतृत्व की कामना की।

Share this story