काशी विश्वनाथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ‘नंदीरथ’, सोनारपुरा, कैंट और रथयात्रा तक होगा विस्तार

WhatsApp Channel Join Now

नगर निगम और स्मार्ट सिटी की पहल, फिलहाल मंदिर गेट नंबर-4 तक चल रही सेवा, जल्द बढ़ेगी वाहनों की संख्या


बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संचालित की जा रही नंदीरथ सेवा 


स्मार्ट सिटी की देखरेख में विश्वनाथ धाम से संचालित किए जा रहे 4 नंदीरथ 

वाराणसी। काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम और स्मार्ट सिटी की ओर से शुरू की गई बैटरी चालित ‘नंदीरथ’ सेवा का दायरा जल्द ही बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में यह सेवा मंदिर के गेट नंबर-4 तक संचालित की जा रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसे सोनारपुरा, रथयात्रा, कैंट, बीएचयू और अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक विस्तारित करने की तैयारी है। अभी मंदिर परिसर में चार नंदीरथ संचालित किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जल्द ही इनकी संख्या भी बढ़ाई जाएगी। सेवा के विस्तार के लिए यातायात विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा।

योजना के तहत पहले चरण में गोदौलिया और चौकाघाट रेलवे स्टेशन के बीच नंदीरथ सेवा शुरू की जाएगी। गोदौलिया से मंदिर गेट नंबर-4 तक का किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं गोदौलिया से मंदिर जाने वालों को 20 रुपये का किराया देना होगा। नगर निगम के अनुसार 5 वर्ष तक के बच्चों, दिव्यांगजनों और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सेवा निःशुल्क रहेगी। नंदीरथ का संचालन प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक किया जा रहा है।

ई-रिक्शा की तर्ज पर संचालित इस विशेष सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को गोदौलिया, चौक क्षेत्र और मंदिर मार्ग पर पैदल चलने की परेशानी से राहत मिलेगी। स्मार्ट सिटी की देखरेख में फिलहाल चार नंदीरथ चल रहे हैं, जिन्हें मांग और यात्रियों की संख्या के अनुसार भविष्य में और बढ़ाने की योजना है।

Share this story