वाराणसी में मुस्लिम महिला ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को दी तहरीर, नफरत फैलाने वाला बयान देने का लगाया आरोप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती के एक कथित बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। यह तहरीर वाराणसी के लालपुर-पाण्डेयपुर थाना में दी गई। 

नाजनीन अंसारी अपने अधिवक्ता डॉ. आत्म प्रकाश सिंह, डॉ. नजमा परवीन, युवा परिषद के यूपी प्रमुख विवेकानंद सिंह एवं जिला प्रमुख सत्यम राय के साथ थाने पहुंचीं और एसआई प्रभाकर सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा सार्वजनिक मंचों और मीडिया में दिया गया बयान भ्रामक, असत्य और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला है।

नाजनीन अंसारी ने कहा कि 10 लाख हिन्दू लड़कियों की शादी मुस्लिम घरों में कराने जैसा बयान पूरी तरह निराधार है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में नफरत फैलती है और मुस्लिम समुदाय के प्रति गलत धारणा बनती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस प्रकार के आरोप लगाए जाते हैं, तो उनके समर्थन में ठोस प्रमाण भी प्रस्तुत किए जाने चाहिए।

नाजनीन अंसारी ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत उपयुक्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे बयानों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इससे सामाजिक अशांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

Share this story