काशी में बनेगा 'संगीत पार्क', बनारस घराने के कलाकारों की स्मृतियां होंगी जीवंत, संस्कृति और मनोरंजन का दिखेगा संगम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकास प्राधिकरण की ओर से फातमान रोड स्थित उद्यान को "संगीत पार्क" के रूप में विकसित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने यहां चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता देखी। पार्क बनारस घराने के संगीत कलाकारों की उपलब्धियों को समर्पित होगा। यहां उस्ताद विस्मिल्ला खां की शहनाई का स्कल्पचर लगेगा। इसके अलावा अन्य तरह से सजावट की जाएगी। 

vns

यह पार्क वाराणसी के कलाकारों की स्मृतियों और उनकी कलात्मक उपलब्धियों को समर्पित होगा। यूनेस्को द्वारा वाराणसी को सिटी ऑफ म्यूजिक  घोषित किया गया है। इस शहर ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां जैसे विश्व प्रसिद्ध कलाकार दिए हैं। उनकी स्मृति में पार्क में एक भव्य शहनाई का स्कल्पचर स्थापित किया जाएगा।

vns

संस्कृति और मनोरंजन का संगम
पार्क में वाराणसी के विभिन्न कलाकारों की जानकारी प्रदान करने वाले साइनेज और पट्ट लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, एक अनूठा सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा, जहां आगंतुक मंच पर वाद्य यंत्रों के साथ बैठे होने का अनुभव कर सकेंगे।

vns

शास्त्रीय कला की झलक
पार्क में भारत के 8 प्रमुख शास्त्रीय नृत्यों की मूर्तियां भगवान नटराज की मूर्ति के साथ स्थापित की जाएंगी, जो भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेंगी।

vns

उच्चीकरण और सौंदर्यीकरण पर जोर
उपाध्यक्ष ने परियोजना के वास्तुविद और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। यह पार्क स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए एक आकर्षण केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष के साथ परियोजना से जुड़े अधिकारी और वास्तुविद भी उपस्थित थे।

Share this story