नगर निगम का विशेष टैक्स कैंप, ऑनलाइन भुगतान पर मिलेगी 12 प्रतिशत तक छूट

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए विशेष छूट योजना लागू की है। निगम की ओर से 15 जुलाई 2026 तक टैक्स जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए ऑनलाइन माध्यम से टैक्स जमा करने वाले करदाताओं को अतिरिक्त 2 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। इस तरह ऑनलाइन भुगतान करने पर कुल 12 प्रतिशत तक की राहत प्राप्त होगी।

नगर निगम ने स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों की सुविधा के लिए दो दिवसीय विशेष कैंप का भी आयोजन किया है। यह कैंप 25 और 26 मई को लहुराबीर स्थित डॉ. बीसी रॉय हॉल, आईएमए भवन में आयोजित किया जा रहा है। कैंप में चिकित्सा संस्थान अपने अनुज्ञप्ति शुल्क (लाइसेंस फीस) के साथ-साथ गृहकर, जलकर और सीवर कर भी जमा कर सकेंगे।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 7 मई से शुरू हुई इस छूट योजना का लाभ अब तक लाखों भवन स्वामी उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिन करदाताओं ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच टैक्स जमा किया था, उनकी छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष में समायोजित कर दी जाएगी। ऐसे करदाताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।

नगर निगम ने इस बार सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए विशेष श्रेणी के नागरिकों के लिए भी बड़ी राहत की घोषणा की है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा पद्म पुरस्कार से सम्मानित लोगों को गृहकर, जलकर और सीवर कर में 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है।

नगर निगम अधिकारियों ने लोगों से समय रहते कर जमा करने की अपील की है, ताकि वे छूट योजना का पूरा लाभ उठा सकें। निगम का कहना है कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था को सरल और सुविधाजनक बनाया गया है, जिससे करदाता घर बैठे आसानी से टैक्स जमा कर सकते हैं।

Share this story