नगर निगम का महाअभियान: 88 स्थानों पर विशेष सफाई, 8750 किलो अतिरिक्त कूड़ा हटाकर चमकाई काशी
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी द्वारा शनिवार को शहरभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके तहत सामान्य दिनों की तुलना में 8750 किलोग्राम अतिरिक्त कूड़े का उठान किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक क्षेत्रों, पार्कों और कूड़ा संवेदनशील स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना था।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कुल 88 महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सफाई कार्य किया। इनमें सार्वजनिक पार्क, धार्मिक स्थल, प्रमुख सड़कें, बाजार, खाली पड़े प्लॉट, नालियां तथा गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) शामिल रहे। निगम के अनुसार अभियान में 14 खाली प्लॉट, 22 जीवीपी प्वाइंट, 2 धार्मिक स्थल, 10 नालियां, 10 पार्क, 1 बाजार, 10 सड़कें और 19 अन्य सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई।
इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम ने 940 विशेष सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारा। साथ ही कूड़ा उठान, सिल्ट हटाने और सफाई कार्यों को गति देने के लिए 128 छोटे और बड़े वाहनों की तैनाती की गई। मुख्य सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों ने कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया।

विशेष सफाई अभियान के दौरान कर्मदेश्वर महादेव क्षेत्र, चौक थाना से काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग, रेवड़ी तालाब, सारनाथ स्थित सुहेलदेव पार्क, रंगोली गार्डन, शिवपुर सब्जी मंडी, कपिलधारा, आशापुर चौराहा, नाटी इमली भारत मिलाप स्थल, विश्वेश्वरगंज, आईपी सिगरा, भारत माता मंदिर, शास्त्री पार्क तथा संकट मोचन पार्क सहित कई प्रमुख स्थानों की गहन सफाई की गई। नालियों से निकाली गई सिल्ट और सड़कों के किनारे जमा मलबे को तत्काल वाहनों के माध्यम से डंपिंग साइट तक पहुंचाया गया।
नगर निगम ने इस बार अभियान की निगरानी के लिए डिजिटल व्यवस्था भी अपनाई। सभी 21 सबजोन में तैनात अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों ने कार्य शुरू होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद जियोटैग तस्वीरें एवं वीडियो साझा किए। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्यों की समीक्षा की, जिससे सफाई अभियान की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकी। नगर निगम का दावा है कि इस विशेष अभियान से शहर के कई क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और नागरिकों को गंदगी एवं दुर्गंध से राहत मिली है।

