अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग पर नगर निगम सख्त, बिना अनुमति प्रचार करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दिए अभियान चलाने के निर्देश,

खुद नहीं हटाई प्रचार सामग्री तो खर्च के साथ वसूला जाएगा जुर्माना

नगर निगम जरूरत पड़ने पर दर्ज कराएगा एफआईआर

शहर भर में अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग हटाने के लिए चलेगा विशेष अभियान


बिना अनुमति सार्वजनिक दीवारों पर प्रचार-प्रसार करने वालों पर होगी विधिक कार्रवाई
 

निगम स्वयं हटाएगा अवैध प्रचार सामग्री, खर्च संबंधित संस्था से वसूला जाएगा
 

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड के साथ हो सकती है एफआईआर 
 

नगर आयुक्त ने नागरिकों से की स्वच्छ और सुंदर काशी बनाने में सहयोग की अपील 

वाराणसी। शहर की दीवारों को अवैध पोस्टर, बैनर और वॉल पेंटिंग से गंदा करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अब बिना अनुमति सार्वजनिक स्थलों और दीवारों पर प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और संगठनों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर की सुंदरता बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में बेतरतीब ढंग से लगाए गए पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स और दीवारों पर की गई अवैध पेंटिंग न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न कर रही हैं। इसे देखते हुए नगर निगम विशेष अभियान चलाकर पूरे शहर से अवैध प्रचार सामग्री हटाएगा और जब्ती की कार्रवाई भी करेगा।

उन्होंने बताया कि जिन निजी, सामाजिक, राजनीतिक या व्यावसायिक संस्थाओं द्वारा बिना अनुमति पोस्टर, बैनर या वॉल पेंटिंग कराई गई है, उन्हें तत्काल अपने स्तर पर इन्हें हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि संबंधित संस्थाएं स्वयं प्रचार सामग्री नहीं हटाती हैं तो नगर निगम बलपूर्वक उसे हटाएगा। इस कार्रवाई में आने वाला पूरा खर्च संबंधित संस्था या व्यक्ति से जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना और बिना अनुमति दीवारों पर विज्ञापन करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में आर्थिक दंड के साथ आवश्यकता पड़ने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने शहरवासियों, व्यापारिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं से अपील की कि काशी की स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की वॉल पेंटिंग, पोस्टर या विज्ञापन लगाने से पहले नगर निगम से नियमानुसार अनुमति अवश्य लें। नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना है, जिसके लिए नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य होगा।

Share this story