मानसून से पहले नगर निगम अलर्ट, 90 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी, जलभराव रोकने की तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मानसून के आगमन से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम प्रशासन के अनुसार शहर के लगभग 90 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य को इसी माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

123

रविवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने महमूरगंज क्षेत्र के बिरदोपुर और तुलसीपुर वार्ड का औचक निरीक्षण कर सफाई एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

123

नगर निगम के अनुसार शहर में कुल 128 बड़े नालों और 258 छोटे नालों की सफाई का अभियान चलाया जा रहा है। अधिकांश बड़े नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सभी छोटे नालों को साफ कर दिया गया है। इसके अलावा सीवर लाइनों में जमा गाद और अवरोधों को हटाने के लिए सुपर सकर तथा बकेट मशीनों का व्यापक उपयोग किया गया है, जिससे जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

मानसून के दौरान संभावित जलजमाव की स्थिति से तत्काल निपटने के लिए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) गठित करने का भी निर्णय लिया है। यह टीम शहर के संवेदनशील और निचले इलाकों में जलभराव की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद विवेक कुमार कुशवाहा, पुन्नू लाल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम का दावा है कि समयबद्ध तैयारियों के जरिए इस बार मानसून में शहरवासियों को जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Share this story