मानसून से पहले एक्शन मोड में नगर निगम, नगर आयुक्त ने नाला सफाई का लिया जायजा
वाराणसी। मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पांडेपुर पुलिस चौकी से पंचकोशी स्थित सारंग तालाब तक चल रहे नाला सफाई अभियान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कार्य की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण में कई स्थानों पर नालों से निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे पड़ी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि नालों से निकाले गए कूड़ा-कचरे और सिल्ट को हर हाल में 24 घंटे के भीतर हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

नगर आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर देते हुए खुले पड़े नालों को तत्काल ढकने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता (सिविल) समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

