स्मार्ट काशी एप से उठवाएं घर का मलबा, नगर निगम ने शुरू की नई सुविधा
वाराणसी। शहरवासियों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण देने की दिशा में नगर निगम ने एक नई सुविधा शुरू की है। अब लोग अपने घर या निर्माण कार्य से निकलने वाले बिल्डिंग मटेरियल के मलबे (C&D Waste) को आसानी से उठवा सकते हैं। इसके लिए नगर निगम ने स्मार्ट काशी एप पर विशेष व्यवस्था की है।
नगर निगम ने बताया कि शहर क्षेत्र में मलबा इकट्ठा करने के लिए 14 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों की पूरी जानकारी स्मार्ट काशी एप पर उपलब्ध है। नागरिक अपने घरों से निकलने वाले मलबे को इन नजदीकी निर्धारित स्थानों पर डाल सकते हैं। स्मार्ट काशी एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
शुल्क और प्रक्रिया
किसी भी प्रोजेक्ट में यदि महीने में 300 टन मलबा या 20 टन प्रतिदिन निकलता है, तो संबंधित व्यक्ति या संस्था को स्मार्ट काशी एप के माध्यम से सूचना देनी होगी। इसके बाद नगर निगम द्वारा मलबे का कलेक्शन और ट्रांसपोर्टेशन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए 525 प्रति टन शुल्क नगर निगम को देना होगा। यदि कोई व्यक्ति स्वयं अपने साधन से मलबे को निर्धारित C&D वेस्ट प्लांट तक पहुंचाता है, तो उसे केवल 173 प्रति टन निस्तारण शुल्क देना होगा।
नवविस्तारित क्षेत्रों में भी सुविधा
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि नव-विस्तारित क्षेत्रों में भी मलबा निस्तारण की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए अतिरिक्त 9 नए कलेक्शन पॉइंट्स बनाए जा रहे हैं। इनके शुरू होने से शहर के बाहरी इलाकों और नव विकसित कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को भी आसानी से मलबा निस्तारण की सुविधा मिल सकेगी।

