लू से राहत के लिए नगर निगम ने किए इंतजाम, कूलिंग सेंटर और प्याऊ की व्यवस्था, मिलेगी राहत
वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने शहरभर में व्यापक व्यवस्थाएं लागू की हैं। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने छायादार आश्रय स्थलों, कूलिंग सेंटर, पेयजल आपूर्ति और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे कई ठोस कदम उठाए हैं, ताकि नागरिकों को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर 24 स्थानों पर निशुल्क प्याऊ की व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों को शीतल पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। इसके अलावा 42 टैंकरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। पेयजल आपूर्ति की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को सक्रिय किया गया है, जहां से पूरे सिस्टम पर नजर रखी जा रही है।
तपती सड़कों के तापमान को कम करने के लिए नगर निगम ने नौ वॉटर स्प्रिंकलर मशीनों को तैनात किया है, जो नियमित रूप से मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कर रही हैं। वहीं मिस्ट प्यूरीफिकेशन वाहनों के जरिए गोधौलिया से दशाश्वमेध घाट मार्ग तक धुंध के रूप में पानी का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे वातावरण में ठंडक बनी रहे।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख घाटों पर छायादार टेंट और हरे पर्दों वाले शेड स्ट्रक्चर लगाए गए हैं। इसके साथ ही पांच प्रमुख स्थानों पर अस्थायी कूलिंग सेंटर विकसित किए गए हैं, जहां पंखे और कूलर की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि लोग कुछ समय के लिए राहत पा सकें।
जागरुकता के स्तर पर भी नगर निगम सक्रिय है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 13 प्रमुख चौराहों और 14 अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हीटवेव से बचाव के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 56 चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 21 सफाई कार्यालयों में ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए हैं, जहां नागरिकों को निःशुल्क ओआरएस और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

