मियावाकी वन के दुष्प्रचार पर नगर निगम ने कराई एफआईआर, डोमरी में रोपे गए हैं 2.50 लाख पौधे
वाराणसी। सूजाबाद डोमरी क्षेत्र में नगर निगम की ओर से एक घंटे में 2.50 लाख पौधे रोपकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने को लेकर दुष्प्रचार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। यूट्यूब चैनल के जरिये भ्रामक सूचना प्रसारित कर लोगों को भ्रमित करने का काम किया गया। इस पर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रूख अख्तियार किया है।
आरोप है कि यूट्यूब चैनल पर भ्रामक सूचना प्रसारित कर लोगों में भ्रम पैदा करने की कोशिश की गई। नगर निगम के सुपरवाइजर कुमार साहनी, रामविलास और कमालुद्दीन की तहरीर पर रामनगर थाने में एक यूट्यूब चैनल और अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया। भ्रामक सूचना प्रसारित करने, दुष्प्रचार, फेक रिपोर्टिंग और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
नगर निगम प्रशासन की ओर से डोमरी में लगभग 350 बीघा जमीन में 2.50 लाख पौधे रोपकर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया गया है। इसमें छायादार, फलदार और फूलों वाले पौधे लगाए गए हैं। नगर निगम प्रशासन की ओर से पौधों की सिंचाई के लिए आधुनिक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सुरक्षा के लिए गार्ड की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा कंट्रोल रूम में स्थापित किया जाएगा।

