भारी बारिश में जलनिकासी को लेकर नगर निगम अलर्ट, जलभराव वाले इलाकों में पंप व सफाईकर्मियों की तैनाती, जेई-एई व एक्सईएन को तत्काल जलनिकासी सुनिश्चित करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बारिश के दौरान निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर निगम के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था की निगरानी करते रहे।

नगर निगम के अवर अभियंता (जेई), सहायक अभियंता (एई), अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) और स्वास्थ्य निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया। किसी क्षेत्र से जलजमाव की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था कराई गई।

123

इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वयं अंधरापुल पहुंचकर जलनिकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि जलभराव वाले स्थानों से पानी की निकासी तत्काल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान किसी भी इलाके में पानी अधिक समय तक जमा न रहे और आवश्यकता के अनुसार पंपों की मदद ली जाए।


पंप लगाकर निकाला गया पानी
नगर निगम की टीमों ने विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पंप और सफाई कर्मचारियों की मदद से जलनिकासी का काम कराया। कई स्थानों पर बारिश के बाद थोड़े समय के लिए पानी जमा हुआ, जिसे टीमों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से निकालने का प्रयास किया। नालियों और जलनिकासी मार्गों की निगरानी भी की गई, ताकि पानी के बहाव में किसी तरह की बाधा न आए।

123

नगर निगम प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव से लोगों को राहत मिली। स्थानीय नागरिकों ने बारिश के बीच निगम टीमों के मौके पर पहुंचकर जलनिकासी कराने की कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना है कि भारी बारिश के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता से समस्या को लंबे समय तक बने रहने से रोका जा रहा है।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बारिश के मौसम में लगातार मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलजमाव की सूचना मिलने पर बिना देरी के मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। नगर निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया कि बारिश के पूरे मौसम में जलनिकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी जारी रहेगी और नागरिकों को राहत दिलाने के लिए टीमें सक्रिय रहेंगी।

Share this story