नगर आयुक्त ने की विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को सामान्य अभियंत्रण विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शहर में संचालित योजनाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सीएमएनएसवाई, सीएमवीएनवाई, 15वें वित्त आयोग तथा पार्षद कोटा के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मानक और बेहतर फिनिशिंग का विशेष ध्यान रखा जाए।

123

उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके और जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

नगर आयुक्त ने कहा कि वाराणसी एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में शहर के मुख्य मार्गों, गलियों, आधारभूत नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से ही शहर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सकारात्मक अनुभव प्राप्त होगा।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि सभी परियोजनाएं तय समय पर पूर्ण हो सकें। बैठक में मुख्य अभियंता आरके सिंह, अधिशासी अभियंता विकास कुरील, अधिशासी अभियंता अगम कटियार सहित संबंधित सहायक अभियंता और अवर अभियंता भी उपस्थित रहे।

Share this story