119 करोड़ की सीवरेज परियोजना की धीमी रफ्तार पर भड़के नगर आयुक्त, ठेकेदार को दी सख्त चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। हुकुलगंज और नई बस्ती वार्ड में चल रही 119.35 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना की सुस्त प्रगति पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कड़ी नाराजगी जताई है। शनिवार को औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी पाए जाने पर कार्यदायी संस्था और ठेकेदार फर्म को फटकार लगाई तथा स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा नहीं होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

a

केवल पांच प्रतिशत कार्य पूरा, 350 मीटर सीवर लाइन ही बिछी
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान परियोजना की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि 119.35 करोड़ रुपये की इस परियोजना में अब तक महज पांच प्रतिशत भौतिक प्रगति हुई है। वर्तमान तक केवल 350 मीटर सीवर लाइन बिछाई जा सकी है, जबकि योजना का दायरा इससे कहीं अधिक बड़ा है।

यह परियोजना उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) द्वारा कराई जा रही है, जबकि निर्माण कार्य मैसर्स ईएमएस लिमिटेड, गाजियाबाद के जिम्मे है।

a

मैनपावर और संसाधन बढ़ाने के दिए निर्देश
कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और आवश्यक मशीनरी व संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करनी होगी।

a

समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ अथवा दिए गए निर्देशों की अनदेखी की गई तो संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने के भी निर्देश दिए।

a

दो वार्डों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
परियोजना पूरी होने के बाद हुकुलगंज और नई बस्ती वार्ड के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। योजना के तहत 38.887 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा 6,561 सीवर गृह संयोजन (हाउस कनेक्शन) दिए जाएंगे तथा एक सीवेज पंपिंग स्टेशन का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सीवरेज व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

a

निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के समय स्थानीय पार्षद राजेश यादव और बृजेश चंद्र श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता वृजेश कुमार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा, अवर अभियंता रामचंद्र राय और अजय कुमार पासवान के अलावा कार्यदायी फर्म के प्रतिनिधि अमित कुमार भी उपस्थित रहे।

a

a

a

a

a

a

Share this story