सड़क पर गिट्टी-बालू डालकर नाली जाम और सड़क बाधित करना पड़ा महंगा, नगर आयुक्त ने ठोंका 50 हजार जुर्माना 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को वरुणापार क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रैना विला रोड पर सड़क पर गिट्टी और बालू डालकर रास्ता बाधित करने तथा नाली जाम करने के आरोप में दो व्यक्तियों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

123

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण सामग्री सड़क पर फैला दी गई थी, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था और नालियों का प्रवाह भी बाधित हो गया था। इस पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभाव से सामग्री हटाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि आदेश का पालन न करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आमजन के आवागमन में बाधा डालने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य है।

123

इसके बाद नगर आयुक्त भक्ति नगर क्षेत्र पहुंचे, जहां नालों की सफाई का कार्य संतोषजनक पाया गया। हालांकि, सफाई के बाद निकाले गए कचरे और सिल्ट को सड़क किनारे जमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला सफाई के 24 घंटे के भीतर हर हाल में सिल्ट का उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध की समस्या उत्पन्न न हो।

नगर निगम की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि शहर में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अब सख्त निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि शहरवासियों को साफ-सुथरा और सुगम वातावरण मिल सके।

Share this story