सावन में मांस-मछली विक्रेताओं पर नगर निगम प्रशासन सख्त, मांस जब्त, लगाया जुर्माना
वाराणसी। सावन माह में धार्मिक आस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने मांस-मछली की अवैध बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम प्रशासन की ओर से प्रतिबंध के बावजूद मीट-मछली बेचने की शिकायतों पर बुधवार को कई इलाकों में औचक निरीक्षण किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया और मौके से 2 किलो 450 ग्राम मांस जब्त किया गया। वहीं 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम के पशु विभाग और प्रवर्तन दल की संयुक्त टीम ने रेवड़ी तालाब, शिवाला स्थित मछली मंडी, चौकाघाट, नदेसर, आंध्रा पुल, पितरकुंडा और लल्लापुरा समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। टीम ने दुकानों का निरीक्षण कर सावन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा प्रतिबंध के बावजूद मांस की बिक्री किए जाने की शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई की गई। नगर निगम ने संबंधित विक्रेताओं से कुल पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके साथ ही मौके पर मिला 2.45 किलोग्राम मांस जब्त कर लिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सावन माह के दौरान प्रतिबंधित गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। टीम ने कहा कि यदि कोई विक्रेता दोबारा नियमों का उल्लंघन करते हुए मीट-मछली बेचता पाया गया तो संबंधित दुकान को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि सावन के दौरान शहर में निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर निगम की टीमें अलग-अलग वार्डों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करेंगी। अधिकारियों ने दुकानदारों से नगर निगम के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि प्रतिबंध के दौरान अवैध रूप से मांस-मछली की बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। निगम के इस अभियान के बाद संबंधित क्षेत्रों में दुकानदारों के बीच सतर्कता बढ़ गई है।

