150 एकड़ में 91.60 करोड़ रुपये से बनेगा मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, पीपीपी मॉडल पर कराया जाएगा निर्माण 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) की ओर से रामनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण कराया जाएगा। करीब 150 एकड़ भूमि में विकसित होने वाले इस पार्क पर 91.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण की जिम्मेदारी गुजरात की जीआर इंफ्राप्रोजेक्ट लिमिटेड को दी गई है।

पार्क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। आईडब्ल्यूएआई की ओर से रामनगर के राल्हूपुर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण कराया जाएगा। प्रयागराज से हल्दिया तक राष्ट्रीय जलमार्ग-1 पर व्यापार और यातायात को बढ़ावा देने के लिए राल्हूपुर में बंदरगाह भी बनाया गया है। अब सड़क और रेल मार्ग के साथ ही जलमार्ग से भी इसे जोड़ने की योजना है।

आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों के अनुसार मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण पूरा होने के बाद माल की ढुलाई और हैंडलिंग के लिए सड़क, रेल और जलमार्ग को एक स्थान से जोड़ा जा सकेगा। इससे माल परिवहन में समय और लागत दोनों की बचत होगी।

पार्क में वेयरहाउसिंग, स्टोरेज और अन्य वैल्यू-एडेड लॉजिस्टिक्स सेवाओं की भी व्यवस्था होगी। इससे शहर में भारी मालवाहक वाहनों का दबाव कम होने और वायु प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना के पूरा होने से वाराणसी क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

Share this story