चाइनीज मांझा से कटा बाइक सवार का गला, मौत, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर हुई घटना
वाराणसी। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। जैतपुरा थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क से गुजरते समय मांझा उनके गले में उलझ गया, जिससे गंभीर चोट आई। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सुनील कुमार नागपुरी, पुत्र कृष्ण दास नागपुरी, निवासी चौखंभा, थाना चौक, वाराणसी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर से मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
गले में उलझा मांझा, बेकाबू हुई बाइक
सुनील कुमार नागपुरी बाइक से कज्जाकपुरा फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर मौजूद मांझा अचानक उनके गले में उलझ गया। धारदार मांझे से गले में गंभीर चोट लगने के बाद बाइक पर उनका नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

