101 मोबाइल फोन चुराने वाला 'मोकामा' चढ़ा कैंट पुलिस के हत्थे, पांच साल से था फरार, 25 हजार का है इनामी
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। कैंट थाना पुलिस ने बुधवार सुबह अंबेडकर चौराहे के पास कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी के कई मामलों में वांछित आरोपी को दबोच लिया।

101 मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान श्रवण महतो उर्फ 'मोकामा' (35 वर्ष) निवासी बाबूपुर, थाना तीन पहाड़, जिला साहेबगंज (झारखंड) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने का काम करता था। अब तक वह 101 मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल पाया गया है।
5 साल से फरार, कोर्ट से जारी था वारंट
इस मामले की शुरुआत 4 जनवरी 2021 को हुई थी, जब अर्दली बाजार चौकी प्रभारी द्वारा मोबाइल चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान श्रवण महतो का नाम सामने आया, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया और पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे "जीरो टॉलरेंस" अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के पर्यवेक्षण में यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।
कैंट थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम केवल यादव, कांस्टेबल मनमोहन कुमार और शैलेन्द्र पाल शामिल रहे।
आगे की विधिक कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही उसके गिरोह और अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

