आईआईएम मुंबई के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से नवाजे गए मोहित अग्रवाल, सीएम योगी ने शील्ड देकर किया सम्मानित
लोकसेवा में उत्कृष्ट योगदान और प्रशासनिक दक्षता के लिए मिला Distinguished Alumni Award, उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गौरव का क्षण
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल को लोकसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) मुंबई की ओर से प्रतिष्ठित Distinguished Alumni Award (विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान) प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वयं सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहित अग्रवाल को आईआईएम मुंबई की ओर से मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने उनके लोकसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। आईआईएम मुंबई की ओर से मोहित अग्रवाल को यह सम्मान लोकसेवा में उत्कृष्ट योगदान, कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया है। यह सम्मान उनकी नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता और जनसेवा के प्रति समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
मोहित अग्रवाल की इस उपलब्धि को कमिश्नरेट वाराणसी के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस सेवा में रहते हुए प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और लोकसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए मिला यह सम्मान पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

