एनएचएआई की लापरवाही से सीवर के गंदे पानी में डूबा मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग, संक्रामक बीमारी का बढ़ा खतरा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के मोहनसराय चौराहा स्थित मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कथित लापरवाही से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे के सीवर का बदबूदार और गंदा पानी सड़क पर जमा होने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल गई है, जिससे लोगों का आवागमन कठिन हो गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे किनारे स्थित नाला ओवरफ्लो होने के कारण सर्विस रोड पर पानी भरने लगा था। आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले एनएचएआई के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन से अदलपुरा मार्ग पर नाली खोदकर हाईवे का सीवर का पानी उसी मार्ग की ओर मोड़ दिया। इसके बाद से सड़क पर काला, बदबूदार और गंदा पानी लगातार जमा है, जिससे आमजन को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

123

स्थिति यह है कि अदलपुरा धाम स्थित माता शीतला मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर फैली दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों का वहां रुकना तक मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक सीवर का पानी जमा रहने से क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों ने एनएचएआई से मांग की है कि अधूरी और अव्यवस्थित तरीके से खोदी गई नाली को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा सड़क पर बह रहे सीवर के पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक-दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ धरना देने को बाध्य होंगे।

Share this story