विकसित भारत के लिए समर्पित है मोदी सरकार, डिप्टी सीएम ने बताई 11 वर्षों की विकास यात्रा

vns
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि इन वर्षों में मोदी सरकार ने सेवा को संकल्प, सुशासन को संस्कृति और सुरक्षा को सर्वोच्च  प्राथमिकता दी। यह 11 वर्षों का कार्यकाल केवल उपलब्धियों का नहीं, बल्कि भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने वाली नीतियों और नवाचारों का रहा है।

 

11 वर्षों में सेवा, सुशासन और सुरक्षा की त्रिसूत्रीय रणनीति
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2014 से लेकर अब तक मोदी सरकार ने प्रत्येक योजना में आम नागरिक के जीवन को आसान बनाने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अभूतपूर्व काम किया है। चाहे सीमाओं की सुरक्षा हो, डिजिटल तकनीक का विस्तार, गरीब कल्याण, कृषि सुधार या आधारभूत संरचना हर क्षेत्र में नया भारत उभर कर सामने आया है।

vns
आतंकवाद और नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार
उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान पर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक, आतंक के खिलाफ स्पष्ट संदेश देने का काम किया। एस-400, ब्रह्मोस, प्रचंड जैसे स्वदेशी हथियारों से देश की रक्षा शक्ति आत्मनिर्भर हुई है। नक्सली हिंसा में 70% की कमी आई है। नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या भी घटी है। अब भारत आतंकी हमलों का जवाब शांति से नहीं, घर में घुसकर देता है।

 

विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था 
डिप्टी सीएम ने कहा कि देश का 825 अरब डॉलर का वस्तु एवं सेवा निर्यात हुआ है। इसके अलावा UPI लेनदेन ₹24 लाख करोड़ पार, दुनिया के 49% डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हो रहे हैं। ई-गवर्नेंस से पारदर्शिता बढ़ी है। GeM पोर्टल पर 13.41 लाख करोड़  की खरीद हुई। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 44 लाख करोड़ सीधे लाभार्थियों को मिले।

25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर
देश में  55.22 करोड़ बैंक खाते खुले। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बने। जल जीवन मिशन के तहत 15 करोड़ घरों तक नल का जल पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि "IMF और UNDP ने भारत के गरीबी उन्मूलन मॉडल की सराहना की है।"

कृषि और किसान हित में ऐतिहासिक निर्णय
उन्होंने कहा कि कृषि बजट 5 गुना बढ़ा है। PM किसान निधि से 11 करोड़ किसानों को 3.7 लाख करोड़ की सहायता दी गई। फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 1.75 लाख करोड़ का भुगतान किया गया। eNAM से 1,473 मंडियां जुड़ीं और व्यापार पारदर्शी हुआ।

डिजिटल और वैज्ञानिक भारत
DigiLocker, CoWIN, ABHA, e-Sanjeevani जैसे नवाचारों ने नई मिसालें रचीं। चंद्रयान-3 की सफलता के बाद अब गगनयान की तैयारी है। भारत अंतरिक्ष में आत्मनिर्भरता की उड़ान भर रहा है। 97 करोड़ इंटरनेट यूजर हैं।  डेटा लागत 97% घटी है।

आधारभूत संरचना: सड़कों से आसमान तक विकास
डिप्टी सीएम ने कहा कि चिनाब ब्रिज  दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज है। वधावन पोर्ट, पंबन रेल पुल और 34 किमी प्रतिदिन हाइवे निर्माण हो रहा है। 99% गांव सड़क से जुड़े, 136 वंदे भारत ट्रेनें  चलाई गईं। UDAN योजना  से हवाई सफर आम आदमी के लिए सुलभ हुआ।

महिलाओं और युवाओं का सशक्तिकरण
उन्होंने कहा कि सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं के लिए 33% आरक्षण की व्यवस्था की। मुद्रा योजना से 35 करोड़ महिलाओं को 14.72 लाख करोड़ का ऋण दिया गया। लखपति दीदी अभियान में 3 करोड़ महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का लक्ष्य है। STEM ग्रेजुएट्स में 50% महिलाएं हैं। भारतीय महिला पायलटों की संख्या विश्व में सबसे अधिक है। 

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े परिवर्तन
नई शिक्षा नीति 2020 के तहत 8 नए IIM, 7 IIT, 490 यूनिवर्सिटी की स्थापना की जा रही है। PM कौशल विकास योजना से 1.6 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत 40 करोड़ हेल्थ कार्ड, 9 करोड़ से अधिक को मुफ्त इलाज मिला। 64,180 करोड़ से स्वास्थ्य अवसंरचना सशक्त की जा रही है।

पर्यावरण और विरासत संरक्षण
COP21 के लक्ष्य  समय से पहले पूरे किए गए। 142 करोड़ पौधारोपण, बाघों की संख्या बढ़कर 3682 हुई। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर जैसे सांस्कृतिक विकास विरासत संरक्षण की दिशा में उठाए गए अहम कदम हैं।

Share this story