संपूर्णानंद स्टेडियम के आसपास बनेगी मॉडल ग्रीन रोड, पौधारोपण के साथ होगी आकर्षक लाइटिंग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के प्रमुख खेल परिसर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के आसपास जल्द ही मॉडल ग्रीन रोड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत स्टेडियम से जुड़ी सड़कों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए हरित स्वरूप दिया जाएगा।

नगर निगम द्वारा चयनित सड़कों पर पौधारोपण, आकर्षक लाइटिंग और बेहतर सड़क निर्माण कराया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी। योजना के अनुसार स्टेडियम के आसपास कुल नौ सड़कों को विकसित किया जाएगा और इन्हें मॉडल ग्रीन रोड के रूप में तैयार किया जाएगा। इन सड़कों की कुल लंबाई लगभग 3216 मीटर बताई जा रही है।

परियोजना पर करीब 48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण में प्रमुख मार्गों का निर्माण और सुंदरीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में अन्य सड़कों को भी विकसित किया जाएगा। इस कार्य के लिए नगर निगम ने शासन को लगभग 30.15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है।

योजना के तहत सड़कों पर केवल लेन, बिजली के तार, पानी की पाइप लाइन और कुछ अन्य जरूरी सुविधाओं को ही भूमिगत किया जाएगा। साथ ही इंटरलॉकिंग, एलईडी लाइट और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सड़क की ऊपरी सतह तैयार की जाएगी। सड़कों के किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए व्यापक पौधारोपण भी किया जाएगा।

Share this story