बनारस रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, 1.20 लाख के पांच फोन बरामद
जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम की कार्रवाई, सो रहे यात्रियों को बनाता था निशाना
वाराणसी। बनारस मड़ुआडीह रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त चेकिंग टीम ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के पांच महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था।
पुरानी पार्किंग में बैठा मिला संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सर्कुलेटिंग एरिया के बाहर पुरानी पार्किंग में बरगद के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा मिला। टीम ने उससे पूछताछ की और तलाशी ली तो उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में मोबाइल चोरी के होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सो रहे यात्रियों को बनाता था निशाना
आरोपी की पहचान रोहित बनवासी निवासी शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह स्टेशन और आसपास के इलाकों में सो रहे या असावधान यात्रियों को निशाना बनाता था। मौका पाकर उनके मोबाइल फोन चोरी कर लेता था और बाद में कम कीमत पर बेच देता था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने नशे, ऐशो-आराम और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।
पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्तता
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। बरामद पांच मोबाइलों में से एक फोन पूर्व में दर्ज मुकदमे से संबंधित पाया गया है। अन्य मोबाइलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य साथियों की तलाश
जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल चोरी की घटनाओं में उसके साथ अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। संयुक्त टीम की कार्रवाई से स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान को मजबूती मिली है।

