एमएलसी चुनाव : पांच और प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन, शिक्षक और स्नातक हितों को बताया प्राथमिकता

123
WhatsApp Channel Join Now

 

वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत सोमवार को पांच और प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें तीन प्रत्याशी स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हैं। नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने अपने-अपने मुद्दे और प्राथमिकताएं बताईं।

123

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह ने नामांकन किया। उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने, स्ववित्तपोषित और वित्तविहीन शिक्षकों की सेवा दशा में सुधार तथा न्यूनतम वेतनमान और टीए देने की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मदरसा और संस्कृत शिक्षकों के लिए भी अनुदानित महाविद्यालयों, माध्यमिक और बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों के समान सेवा शर्तें और वेतनमान लागू करने की मांग की।

 

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ही प्रदेश अध्यक्ष उत्तरवर्गीय शिक्षक संघ सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने नामांकन के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। उन्होंने शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पुरानी पेंशन की बहाली को प्रमुख मुद्दा बताया। इसके अलावा शिक्षकों से जुड़े लंबित प्रकरणों के निस्तारण, नियुक्ति एवं मानदेय संबंधी समस्याओं के समाधान, पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं को उठाने की बात कही।

123

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी पंकज सिंह डब्लू ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के साथ शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को प्राथमिकता में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।

 

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी गिरीश चंद्र किशन एडवोकेट ने छात्र संघ की बहाली को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि छात्र संघ को लोकतंत्र की प्रारंभिक पाठशाला के रूप में बहाल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही स्नातक मतदाताओं के लिए रोजगार के अवसर, काम के अधिकार, दिव्यांगों से जुड़े मुद्दों और पेंशन बहाली की मांग को भी उठाने की बात कही।

 

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। नाम वापसी के बाद ही चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।

Share this story