विधायक ने की विकास कार्यों की समीक्षा, पीएम आवास योजना के सत्यापन में तेजी के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर बुधवार को सर्किट हाउस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक डॉ. सुनील पटेल ने की। इस दौरान विभिन्न वार्डों के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों तथा डूडा सचिव निधि वाजपेई ने भाग लिया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदनों का सत्यापन शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ जरूरतमंद लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए और इसमें किसी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

विधायक ने कहा कि पार्षदों एवं सत्यापन समिति के समन्वय से चयनित लाभार्थियों की सूची जल्द तैयार कर प्रथम किस्त की धनराशि शीघ्र जारी कराई जाए, ताकि लाभार्थी अपने मकानों का निर्माण कार्य समय पर शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आवास उपलब्ध कराया जाए और योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ आम जनता तक पहुंचे।

बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को बैठक में रखा, जिस पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर गोपाल पटेल, कमलेश पाल, सुरेश पटेल गुड्डू, श्रीप्रकाश कल्लू पटेल, रवींद्र सोनकर, राजेश कन्नौजिया, महेंद्र सिंह पटेल, अजय कुमार बिंद सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story