सीवर की समस्या देख भड़के विधायक नीलकंठ तिवारी, मंडलायुक्त से नगर आयुक्त तक को किया फोन
आदिविश्वेश्वर वार्ड में सीवर समस्या पर बिफरे विधायक नीलकंठ तिवारी, अफसरों को स्थायी समाधान के निर्देश
वार्ड प्रवास के 46वें दिन गलियों में घूमकर देखीं समस्याएं, खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदलने पर भी जताई नाराजगी
खुद कुदाल चलाकर जांची गली मरम्मत की गुणवत्ता, जाम गली पिट और टूटे पत्थरों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश
वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास के 46वें दिन बुधवार को आदिविश्वेश्वर वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो और बारिश के समय होने वाले जलजमाव की समस्या देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से ही मंडलायुक्त, नगर आयुक्त और जलकल महाप्रबंधक से वार्ता कर समस्या का स्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं 30 अप्रैल से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने की शिकायत पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी अपने विधानसभा क्षेत्र में 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कर रहे हैं। इसी क्रम में आदिविश्वेश्वर वार्ड पहुंचकर उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और गलियों में पैदल घूमकर नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी।

सीवर और जलजमाव की शिकायत लेकर पहुंचे स्थानीय लोग
वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विधायक को बताया कि क्षेत्र में सीवर की गंभीर समस्या बनी हुई है। भारी बारिश होने पर कई स्थानों पर पानी जमा हो जाता है और सीवर ओवरफ्लो होने लगता है। इसके बाद विधायक ने प्रभावित इलाकों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।

मौके पर मौजूद जलकल विभाग के अधिकारियों से उन्होंने समस्या के कारण और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। स्थिति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समस्या का अस्थायी समाधान करने के बजाय ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे क्षेत्र को स्थायी राहत मिल सके।
विधायक ने मंडलायुक्त, नगर आयुक्त और जलकल महाप्रबंधक से भी इस संबंध में वार्ता की और सीवर व जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
30 अप्रैल से खराब ट्रांसफार्मर पर जताई नाराजगी
वार्ड प्रवास के दौरान बिजली व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी विधायक के सामने आईं। क्षेत्र में 30 अप्रैल से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को अब तक नहीं बदले जाने की जानकारी मिलने पर डॉ. नीलकंठ तिवारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जताई।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वार्ड में कई स्थानों पर विद्युत पोल टेढ़े होने की समस्या भी सामने आई। विधायक ने विद्युत विभाग को ऐसे खंभों को चिह्नित कर ठीक कराने को कहा।
खुद कुदाल चलाकर जांची गली निर्माण की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान विधायक ने वार्ड में चल रहे गली मरम्मत कार्य की गुणवत्ता भी जांची। पत्थरों के नीचे की जा रही लेयरिंग की गुणवत्ता देखने के लिए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्वयं कुदाल उठाकर निर्माण की परत को खोदकर देखा।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने को कहा। साथ ही चेताया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
टूटी पटिया और जाम गली पिट तत्काल ठीक करने के निर्देश
वार्ड में पैदल भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर टूटी हुई पत्थर की पटिया और जाम गली पिट भी मिले। विधायक ने साथ चल रहे नगर निगम के अधिकारियों को इन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि छोटी दिखाई देने वाली ऐसी समस्याएं बारिश के दौरान जलनिकासी में बड़ी बाधा बनती हैं। इसलिए गली पिट की नियमित सफाई और क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।

स्वच्छता अभियान चलाया, किया पौधरोपण
वार्ड प्रवास के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में भी हिस्सा लिया। इसके बाद ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद इंद्रेश सिंह, महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, राहुल सिंह, महानगर मंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह डब्बू, संजय केशरी, अनंतराज गुप्ता, अमरेश गुप्ता, मनीष गुप्ता और अंकुर मेहरोत्रा समेत नगर निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।



