आज से शुरू होगा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम रविवार से शुरू होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सूर्यकुंड वार्ड स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री डॉ. एके शर्मा करेंगे।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वह अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में रात्रि प्रवास करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके त्वरित एवं समयबद्ध समाधान को सुनिश्चित कराएंगे। वार्ड भ्रमण के दौरान स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिदिन पांच पौधों का पौधारोपण भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 76 दिनों के इस अभियान के दौरान आने वाले 10 रविवार विशेष रूप से जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के लिए समर्पित रहेंगे। प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

वार्ड प्रवास के पहले दिन रविवार को कोनिया स्थित ऑक्सफोर्ड स्कूल में सुबह 10 बजे से विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, विश्वकर्मा श्रम योजना, रोजगारपरक योजनाओं के आवेदन, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सहित अन्य जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर ही आवेदन पत्र भरवाकर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

डॉ. तिवारी ने बताया कि इस व्यापक अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त को नोडल एवं प्रभारी अधिकारी नामित किया गया है। उनका कहना है कि वार्ड प्रवास का उद्देश्य आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अभियान से शहर दक्षिणी विधानसभा के सभी वार्डों में जनसुनवाई और सेवा वितरण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Share this story