मिर्जामुराद में दर्दनाक हादसा: कार की टक्कर से सड़क पर गिरे बाइक सवार को ट्रक ने कुचला, मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नेशनल हाईवे पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर चट्टी के समीप हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिर्जापुर जनपद के कछवा थाना क्षेत्र स्थित बरैनी गांव निवासी मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू (38) बाइक से अपने घर से वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की ओर से वाराणसी की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मयंक सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

123

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया, जबकि ट्रक चालक भी मौके से भाग निकला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों वाहनों की तलाश में जुटी हुई है। बताया गया कि मयंक दो भाइयों में छोटे थे और वाराणसी की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। करीब एक वर्ष पहले ही उनकी शादी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this story