अकथा क्षेत्र को मिली नई सड़कों की सौगात, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया लोकार्पण
वाराणसी। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अकथा इलाके में शनिवार को तीन सड़क निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। रविन्द्र जायसवाल ने त्वरित निधि, पूर्वांचल निधि और डूडा निधि से निर्मित सड़कों का उद्घाटन कर क्षेत्रीय जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
मंत्री ने अकथा चौराहे के पास स्थित वशिमठ उपवन से 100 मीटर पूर्व जय सिंह के मकान से बद्री प्रसाद गुप्त के मकान तक निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। लगभग 60 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण डूडा निधि से 10.02 लाख रुपये की लागत से कराया गया है।

इसके अलावा वार्ड संख्या 30 स्थित उषा भवन श्रीनगर अकथा में 30 मीटर लंबे कच्चे मार्ग पर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण पूर्वांचल निधि से 2.71 लाख रुपये की लागत से कराया गया। वहीं अकथा वार्ड के श्रीनगर फेस-2 क्षेत्र में त्वरित निधि से 6.28 लाख रुपये की लागत से बने इंटरलॉकिंग मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।
लोकार्पण समारोह के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वीकृत अन्य निर्माण कार्यों को भी युद्ध स्तर पर गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय से आम जनता तक पहुंचना चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

