राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने मशीन के जरिये वरुणा नदी की परखी सफाई व्यवस्था, शास्त्री घाट पर छठ की तैयारियों का लिया जायजा
वाराणसी। छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को कचहरी स्थित वरुणा पुल के नीचे शास्त्री घाट पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वरुणा नदी में सफाई कार्य में लगी मशीन पर सवार होकर नदी का भ्रमण किया और सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाटों की साफ-सफाई, नदी की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मंत्री ने वरुणा नदी में छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने नदी के भीतर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने के साथ आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और आवागमन के रास्तों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हों और घाटों पर लगातार निगरानी रखी जाए। नदी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कार्य नियमित रूप से जारी रखने के भी निर्देश दिए।
आपसी समन्वय से पूरी करें तैयारी
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें और समय रहते तैयारियां पूरी कर लें, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सकें।

