मैक्सिको के जोड़े ने काशी में लिए सात फेरे, गंगा की गोद में गूंजी वैदिक मंत्रध्वनि

WhatsApp Channel Join Now

ओमकार नाथ

वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी वाराणसी एक बार फिर अपनी सनातन परंपरा और वैश्विक आकर्षण के कारण चर्चा में रही। विश्वप्रसिद्ध अस्सी घाट पर मैक्सिको से आए एक विदेशी कपल ने गंगा की मध्य धारा में सजी नौका पर वैदिक विधि-विधान से विवाह रचाकर सबका ध्यान आकर्षित किया। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए घाट पर स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी।

ं

मैक्सिको से काशी तक, सनातन परंपरा से जुड़ाव
जानकारी के अनुसार, मैक्सिको के चिल सिटी निवासी रुईज कब्रोल और गोंजलो मिगुल लंबे समय से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से प्रभावित थे। उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत भारत की आध्यात्मिक राजधानी वाराणसी से करने का निर्णय लिया।

ं

निर्धारित मुहूर्त में गंगा के बीच एक सजी हुई नौका पर मंडप तैयार किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न की गईं।

मंत्रोच्चार, हवन और सप्तपदी के साथ विवाह
विवाह संस्कार आचार्य दीपक पाण्डेय द्वारा संपन्न कराया गया। हवन, सप्तपदी और संकल्प के साथ पूरे वैदिक विधान का पालन किया गया। गंगा की शांत धारा के बीच गूंजते मंत्रों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।

ं

दूल्हा पारंपरिक धोती-कुर्ता में और दुल्हन लाल बनारसी साड़ी में सुसज्जित नजर आईं। भारतीय परिधान में सजे इस विदेशी जोड़े ने समारोह की सांस्कृतिक गरिमा को और बढ़ा दिया।

घाट पर उमड़ी भीड़, पुष्पवर्षा से मिला आशीर्वाद
विवाह के दौरान घाट पर मौजूद लोगों ने नवदम्पति पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया। कई विदेशी और भारतीय पर्यटकों ने इस विशेष क्षण को अपने कैमरों में कैद किया। उपस्थित लोगों ने इसे “संस्कृतियों का संगम” बताते हुए भारतीय परंपराओं की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक माना।

स

बढ़ रहा है काशी में वैदिक विवाह का चलन
गौरतलब है कि वाराणसी में विदेशी पर्यटकों द्वारा भारतीय रीति-रिवाजों से विवाह करने का चलन धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इससे न केवल स्थानीय पुरोहितों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि काशी की सांस्कृतिक पहचान भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त हो रही है।

गंगा की गोद में संपन्न यह वैदिक विवाह एक बार फिर साबित करता है कि वाराणसी केवल एक शहर नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिकता का जीवंत केंद्र है, जो पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करता है।

देखें वीडियो 

Share this story