वाराणसी में 25 सितंबर को बृहद रोजगार मेला, 5.20 लाख तक सालाना पैकेज का अवसर

rojgar mela
WhatsApp Channel Join Now

टीएफसी बड़ालालपुर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा मेला, विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां करेंगी अभ्यर्थियों का चयन

वाराणसी। शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 सितंबर को वाराणसी में बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, वाराणसी और कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला चांदमारी स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर (टीएफसी बिल्डिंग), बड़ालालपुर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर भर्ती करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार सालाना 2.20 लाख से लेकर 5.20 लाख रुपये तक के पैकेज पर नौकरी का अवसर मिल सकता है।

मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इसमें एडुटेक, मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों की ओर से अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

हाईस्कूल से बीटेक तक के अभ्यर्थियों को मौका
रोजगार मेले में एचआर मैनेजर, रिलेशनशिप मैनेजर, कलेक्शन ऑफिसर, रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव, अप्रेंटिस, असेंबली लाइन ऑपरेटर और प्रोडक्शन असिस्टेंट सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

कंपनियों की ओर से साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा। पद और शैक्षिक योग्यता के अनुसार वेतन पैकेज निर्धारित होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।

ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य
मेला प्रभारी ने बताया कि जनपद वाराणसी के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियां निर्धारित तिथि पर अपने बायोडेटा के साथ मेले में पहुंच सकते हैं। अभ्यर्थियों को सभी शैक्षिक दस्तावेजों की दो-दो प्रतियां और चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर टीएफसी बड़ालालपुर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21110 Articles

Veerkeshwar Pathak Journalist Veerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story