डोमरी में एक मार्च को पौधारोपण महाअभियान, मंडलायुक्त ने देखी तैयारी
वाराणसी। हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से डोमरी क्षेत्र में आगामी एक मार्च को पौधारोपण महाअभियान का आयोजन किया जाएगा। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने शुक्रवार को पौधारोपण की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने चिह्नित स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पौधों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

उन्होंने पौधारोपण के लिए चयनित प्रजातियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और दीर्घकालिक संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण और विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह महाअभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
डोमरी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे पारंपरिक छायादार वृक्षों के साथ-साथ हर्बल पार्क और नक्षत्र वाटिका विकसित करने की योजना है। इस पहल से क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान वन विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

