सोनार समाज का महासमागम 20 सितंबर को, राजनीतिक भागीदारी और व्यापारियों की सुरक्षा पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now

सांस्कृतिक संकुल में जुटेंगे 25 जिलों के प्रतिनिधि, काशी को 30 सेक्टर में बांटकर किया गया जनसंपर्क

वाराणसी। सोनार समाज की एकता, सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दों को लेकर 20 सितंबर को वाराणसी में सोनार महा समागम का आयोजन किया जाएगा। चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में सुबह 11 बजे से प्रस्तावित इस कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 25 जिलों के प्रतिनिधियों सहित काशी के हजारों लोगों के शामिल होने की तैयारी है। आयोजन के दौरान समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के साथ कुछ अहम निर्णय भी लिए जाएंगे।

अंधरापुल स्थित सिटी गार्डेन में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद किशोर सेठ ने बताया कि महा समागम की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। काशी को 30 सेक्टर में बांटकर घर-घर जनसंपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में समाज की राजनीतिक भागीदारी और अधिकारों को लेकर खुलकर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक चेतना को बढ़ावा देना है।

संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने बताया कि महा समागम की तैयारी पिछले चार महीने से चल रही है। इसमें सर्राफा कारोबारियों और कारीगरों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। बीएनएस की धारा 317 और पुराने आईपीसी की धारा 411/412 से जुड़े मामलों में सर्राफा कारोबारियों को होने वाली कथित कठिनाइयों, पुलिस कार्रवाई और उनके समाधान के लिए सामूहिक पहल पर विचार किया जाएगा।

शिक्षा, रोजगार और युवाओं के उत्थान पर भी मंथन
समागम में व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मानजनक एवं न्यायपूर्ण वातावरण, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार और युवाओं को आगे बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ ने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और कारीगरों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर सहित विभिन्न जिलों के अलावा मध्य प्रदेश और बिहार में भी जनसंपर्क कर प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। समाज के लोगों से मतभेद भुलाकर सामूहिक हित में शामिल होने की अपील की गई। पत्रकार वार्ता में अनिल चंचल, अरुण सोनी, कृष्ण कुमार सेठ, कमल कुमार सिंह, विष्णु दयाल सेठ, श्याम सुंदर सिंह, पंकज सर्राफ, किशन सेठ, राजेश सेठ, बेबी सेठ और सुनीति सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Share this story