सेवा दिवस पर रक्तदान का महाअभियान: मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर 440 यूनिट रक्त संग्रह, युवाओं ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए शुक्रवार को कबीरचौरा स्थित राजकीय महिला जिला चिकित्सालय (एमसीएच विंग) में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान अभियान के दौरान कुल 440 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

123

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके सेवा भाव की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे श्रेष्ठ मानवीय सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

123

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पातालपुरी मठ के महंत बालकनाथ जी महाराज ने कहा कि मानवता की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। रक्तदान जैसे कार्य समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं को ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों से निरंतर जुड़ने की प्रेरणा दी। महानगर भाजपा अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना की।

123

शिविर के संयोजक हिंदू युवा वाहिनी वाराणसी मंडल प्रभारी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जीवन जनसेवा, राष्ट्रहित और सुशासन के मूल्यों पर आधारित है। उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रक्तदाताओं को सम्मानित किए जाने से प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया और कहा कि समाज की जरूरतों के अनुरूप सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Share this story