एक नवंबर को बीएचयू में लगेगा मेगा कैंप, योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लाभार्थी होंगे चिह्नित
प्रभारी जिला जज ने विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा, सभी विभाग लगाएंगे योजनाओं की जानकारी वाले स्टॉल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आगामी एक नवंबर को वाराणसी में आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियों को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक हुई। कैंप कार्यालय सभागार में प्रभारी जिला जज संध्या श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रभारी जिला जज संध्या श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को पहले से चिन्हित किया जाए, ताकि मेगा कैंप के दौरान उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने को कहा।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित मेगा कैंप का आयोजन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्वतंत्रता भवन सभागार में किया जाना है। कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से संबंधित विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी लोगों को दी जाएगी।
योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
प्रभारी जिला जज ने सभी विभागों से अपील की कि वे अपने स्टॉल पर विभाग से जुड़ी योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि मेगा कैंप का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में मदद करना है। बैठक में मेगा कैंप समिति के न्यायिक अधिकारी एडीजे आलोक कुमार, विवेकानंद विश्वकर्मा, यजुवेंद्र विक्रम सिंह, मनीष कुमार और हितेश अग्रवाल मौजूद रहे। इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट, जिला प्रोबेशन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए।

