अस्सी घाट पर 9.84 करोड़ की मैकेनाइज्ड पार्किंग, एक माह में तैयार होगा फूड प्लाजा
नगर आयुक्त ने अस्सी, पुष्कर कुंड, रवींद्रपुरी और भेलूपुर का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और कुंड की तलहटी साफ कराने के निर्देश
वाराणसी। अस्सी घाट और आसपास के इलाकों में जाम की समस्या से राहत दिलाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने विकास कार्यों में तेजी शुरू कर दी है। अस्सी घाट क्षेत्र में 9.84 करोड़ रुपये की लागत से मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग और 2.14 करोड़ रुपये से आधुनिक फूड प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट, पुष्कर कुंड, रवींद्रपुरी और भेलूपुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अस्सी फूड प्लाजा के निर्माण की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए एक महीने के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। फूड प्लाजा तैयार होने के बाद अस्सी घाट आने वाले पर्यटकों को बनारसी खान-पान का आधुनिक अनुभव उपलब्ध कराने की योजना है।

पार्किंग से जाम की समस्या दूर करने की कवायद
अस्सी घाट के आसपास वाहनों के दबाव और आए दिन लगने वाले जाम को देखते हुए बन रही मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग सुविधा विकसित होने से घाट क्षेत्र में सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की समस्या कम होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। अस्सी से पुष्कर कुंड जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग सड़क की मरम्मत, नाली निर्माण और डामर सड़क के किनारों के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।
पुष्कर कुंड से हटेगा अतिक्रमण
पुष्कर कुंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गलियों के चौड़ीकरण की संभावनाएं देखने के साथ मार्ग में आने वाले अतिक्रमणों की जांच कर उन्हें तत्काल हटाने का निर्देश दिया। कुंड की स्वच्छता सुधारने के लिए पूरी तलहटी की सफाई कराने को भी कहा गया। रवींद्रपुरी-गुरुधाम चौराहा मार्ग पर बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू करने और भेलूपुर जलकल संस्थान के सामने डिवाइडर का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

सार्वजनिक शौचालयों में रेट लिस्ट अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान कुछ सार्वजनिक शौचालयों में निर्धारित रेट लिस्ट और जरूरी सुविधाओं की कमी मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों में रेट लिस्ट लगाने तथा हैंड ड्रायर समेत निर्धारित सुविधाएं तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

