महावीर जयंती पर वाराणसी में बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महावीर जयंती के पावन अवसर पर 31 मार्च को नगर निगम ने शहर में मांस, मछली और मुर्गे की सभी दुकानों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है। यह निर्णय धार्मिक भावनाओं के सम्मान और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। शासन द्वारा तीर्थंकर महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर प्रदेश भर में पशुवधशालाओं में पशु वध पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मांस और मांसाहारी उत्पादों की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मांस, मछली और मुर्गे की दुकानें 31 मार्च को पूरी तरह बंद रहेंगी। साथ ही शहर की सभी पशुवधशालाएं भी इस दिन संचालित नहीं होंगी।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संतोष पाल ने बताया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई दुकान खुली पाई गई या प्रतिबंध का उल्लंघन हुआ, तो संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई तय है।

Share this story