नवरात्र में 9 दिन बंद रहेंगी वाराणसी की मांस-मछली की दुकानें, एयर शो के लिए भी प्रतिबंध लागू
11 से 19 अक्टूबर तक शहर में बिक्री पर रोक, नमो घाट के 30 किमी दायरे में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस कटिंग और बिक्री बंद रखने का आदेश
वाराणसी। शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने शहर की सभी मांस, मछली और मुर्गी की दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। 11 से 19 अक्टूबर तक इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा धार्मिक स्थलों और मंदिरों के 500 मीटर के दायरे में मांस की बिक्री, उपयोग और पशुवध पर प्रतिबंध रहेगा। श्री काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र मानकर दो किलोमीटर की परिधि में भी मांस की बिक्री और पशुवध पर पूर्ण रोक लागू रहेगी।
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि नवरात्र के मद्देनजर सभी जोन के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।
एयर शो के मद्देनजर 19 से 26 अक्टूबर तक अतिरिक्त प्रतिबंध
भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले ‘एरियल डिस्प्ले-2026’ को शासन ने स्टेट इवेंट घोषित किया है। एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है, जबकि 26 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है। आयोजन के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षा और पक्षियों से टकराने यानी बर्ड-हिट की आशंका कम करने के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री और कटिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य खुले में मांस काटने और उसके अवशेषों के कारण पक्षियों की आवाजाही बढ़ने की आशंका को कम करना है, ताकि एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
घाटों पर सुरक्षा और स्वच्छता के विशेष इंतजाम
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, एयर शो के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गंगा घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
नदी के गहरे जल क्षेत्रों में प्रभावी बैरिकेडिंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। संवेदनशील मार्गों पर अवरोधक लगाकर भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि दर्शक अनियंत्रित होकर गहरे पानी की ओर न जाएं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए जा रहे हैं।
नगर निगम और जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि नवरात्र के प्रतिबंधों का पालन कराने के साथ एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

