इंग्लैंड के वेलिंगबोरो के मेयर राज मिश्रा ने वाराणसी महापौर से की शिष्टाचार भेंट, आपसी सहयोग और संवाद आगे बढ़ाने पर किया मंथन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। इंग्लैंड के वेलिंगबोरो (Wellingborough) शहर के मेयर राज मिश्रा ने अपने वाराणसी प्रवास के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी से उनके कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर महापौर ने उन्हें अंगवस्त्रम और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

123

बैठक में हिमांशु नागपाल सहित नगर निगम के कई पार्षद भी मौजूद रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान वाराणसी और वेलिंगबोरो के बीच सहयोग और संवाद को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि राज मिश्रा वर्तमान में वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के मेयर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के निवासी हैं। 13 मई 2025 को वे वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के पांचवें मेयर के रूप में निर्वाचित हुए थे और उनका कार्यकाल 13 मई 2025 से 13 मई 2026 तक निर्धारित है। वे यूनाइटेड किंगडम की प्रमुख राजनीतिक पार्टी Conservative Party से जुड़े हुए हैं।

किसान परिवार में जन्मे राज मिश्रा ने चंडीगढ़ से बी.टेक और लंदन से कंप्यूटर साइंस में एम.टेक की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने एमआईटी (Massachusetts Institute of Technology) से डेटा साइंस में प्रमाणन भी प्राप्त किया है। राजनीति में आने से पहले वे लगभग 15 वर्षों तक सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कार्यरत रहे और यूनाइटेड किंगडम के रक्षा मंत्रालय तथा बैंकिंग सेक्टर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अपने वर्तमान कार्यकाल के दौरान उन्होंने स्थानीय चैरिटी संस्थाओं Veterans Community Network और Louisa Gregory’s Hospice Campaign को सहयोग देने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही अक्टूबर 2025 में उन्होंने उत्तर प्रदेश में एआई डेवलपमेंट सॉल्यूशन परियोजना के तहत लगभग 2500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश की घोषणा भी की थी। शिष्टाचार भेंट के अवसर पर पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, सिंधु सोनकर, मदन दूबे, प्रवीण राय और सुरेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share this story