महापौर और नगर आयुक्त ने रामनगर रामलीला मैदान का किया निरीक्षण, मुख्य अभियंता व स्वास्थ्य अधिकारी को रोज दो बार व्यवस्थाएं परखने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध रामनगर रामलीला में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। गुरुवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर जलभराव और गंदे पानी की समस्या मिलने पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

123

महापौर ने मौके पर मौजूद जेई, एई और स्वास्थ्य निरीक्षक को व्यवस्थाएं दुरुस्त होने तक क्षेत्र में मौजूद रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामलीला की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कमियों को तत्काल दूर करने के साथ मुख्य अभियंता और प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को दिन में दो बार रामलीला क्षेत्र का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

123

रामबाग मैदान से पानी निकालने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान रामबाग के सामने मैदान में हल्का जलभराव मिला। इस पर महापौर ने तत्काल पानी निकालने और मैदान में भस्सी डालकर उसे समतल व उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर जलभराव की स्थिति किसी भी हालत में नहीं रहनी चाहिए।

123

नाले का गंदा पानी रोकने को कहा
रामबाग तालाब में चंदौली की ओर से नाले के जरिये आ रहे गंदे पानी को देखकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल नाले से तालाब में आ रहे गंदे पानी को रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खेदू पहलवान बीर बाबा रोड और पंचवटी त्रिमुहानी पर पंप व सक्शन मशीन लगाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने को कहा।

123

नगर निगम अधिकारियों ने रामलीला क्षेत्र में साफ-सफाई, जलनिकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि रामलीला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, अधिशासी अभियंता विकास कुरील, स्थानीय पार्षद, भाजपा मंडल के पदाधिकारी और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Share this story