भिखारीपुर विद्युत गोदाम में भीषण आग, ट्रांसफार्मर तेल और कॉपर जलकर खाक, बुझाने में लग गए तीन घंटे 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग व स्क्रैप गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ट्रांसफार्मरों में भरे तेल और गोदाम में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, भिखारीपुर स्थित एमडी कार्यालय के सामने बने ट्रांसफार्मर वर्कशॉप और स्क्रैप गोदाम से रविवार रात करीब दो बजे धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग पूरे परिसर में फैल गई। गोदाम में रखे ट्रांसफार्मरों का तेल, कॉपर, तांबे के तार और अन्य विद्युत उपकरण आग की चपेट में आ गए। तेल होने के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे दमकल कर्मियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां भी पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग के दौरान बीच-बीच में धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि धुएं और जलते तेल की तीखी गंध के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। भयभीत होकर कई परिवार रात में ही घरों से बाहर निकल आए और देर रात तक सड़क किनारे खड़े होकर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे। आग में लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है।

Share this story